शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, गर्भ ठहरने पर मुकरा
- थाने पहुंच कर पीड़िता ने सुनाई दास्तां, पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती के साथ बस्ती जिले का रहने वाला युवक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। युवती जब गर्भवती हो गई तो युवक शादी से इंकार कर दिया। शनिवार को पीड़िता थाने पर तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
युवती का आरोप है कि बस्ती जिले के लालगंज क्षेत्र के एक युवक से उसकी बड़ी बहन की शादी तय थी। कोरोना के कारण शादी नहीं हो सकी। मार्च में युवक उसके घर पहुंचा और उसकी बहन से शादी न करके मुझसे शादी करने की बात करने लगा। आरोप है कि युवक रात में युवती के साथ जबरन दुष्कर्म किया। युवती का आरोप है कि उसके बाद आरोपी युवक बराबर उसके घर आता-जाता था और शारीरिक संबंध बनाता था। युवती इसी बीच गर्भवती हुई तो वह युवक पर शादी करने का दबाव बनाई। युवक ने शादी से इंकार करके गर्भपात कराने का सुझाव दिया। पीड़िता शनिवार को थाने पर पहुंच कर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी एसओ चंदन कुमार ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। प्रकरण की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।