संतकबीरनगर/मगहर। जिले में किसानों और आम जनता के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन भानु ने आर-पार की जंग का बिगुल फूंक दिया है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव रणजीत सिंह के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डीएम को किसानों व आम जनता की विभिन्न समस्याओं से संबंधित सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। चेतावनी दी है कि अगर जनता की सुध नहीं ली गई तो आंदोलन छेड़ा जाएगा।
डीएम के प्रतिनिधि को दिए गए ज्ञापन में बताया कि जनपद में यूरिया और डीएपी के साथ जबरन जिंक और नैनो यूरिया थोपकर 268 रुपये की बोरी के बदले 400 रुपये से अधिक की वसूली की जा रही है। वहीं ग्रामीण इलाकों में प्राइवेट लोन समूहों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि दो प्रतिशत ब्याज का झांसा देकर 22 प्रतिशत तक के ब्याज की भारी वसूली की जा रही है। संगठन ने इन समूहों के लाइसेंस तुरंत रद्द करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि मगहर कताई मिल फीडर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में खूब बिजली कटौती की जा रही है। जिन किसानों की किसान सम्मान निधि रुकी हुई है, उसे बहाल कराया जाए। ज्ञापन देने वालों में पूर्वांचल अध्यक्ष राम नयन किसान, सूरज श्रीवास्तव, जयपाल मौर्य, रामप्रीत चौहान, विश्वम्भर निषाद, विजय बहादुर चौहान, हरिओम चौहान, राजेश यादव ,धर्मेंद्र चौहान आदि शामिल रहे।