संतकबीरनगर। केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बुधवार को पार्टी कार्यालय पर भाजपा ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण विषय पर कार्यशाला आयोजित की। निर्णय लिया गया कि सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पांच जून से 21 जून महाअभियान चलाया जाएगा। मुख्य वक्ता एवं जिला प्रभारी अजय सिंह गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्ष गरीबों, वंचितों, महिलाओं और किसानों के कल्याण को समर्पित रहे हैं।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही सभी कार्यक्रमों की शत-प्रतिशत रिपोर्टिंग सरल एप के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभियान की शुरुआत पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत व्यापक पौधरोपण से होगी। इसके बाद आठ से 14 जून तक सांसद, विधायक और मंत्री विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता से संवाद करेंगे। इस दौरान समाज, शिक्षा, साहित्य और खेल जगत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर विशाल जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इनमें आयुष्मान भारत योजना और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जैसी योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जाएगा।