छत के कुंडे से लटककर किराना व्यवसायी ने की आत्महत्या
संतकबीरनगर। शहर के मोती तिराहे पर एक किराना व्यवसायी ने शुक्रवार को दुकान का शटर गिराकर अंदर छत के कुंडे में रस्सी के सहारे लटक कर आत्महत्या कर ली। व्यवसायी के आत्मघाती कदम उठाने की वजह परिजन नहीं बता पा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल गौरव सिंह ने बताया कि मोती तिराहा निवासी कमलेश अग्रहरि(28) पुत्र स्व. पुरुषोत्तम अपने मकान में ही किराने की दुकान चलाते थे। शुक्रवार को कमलेश दुकान का शटर गिराकर अंदर छत के कुंडे से रस्सी के सहारे लटक गए। काफी देर तक जब शटर नहीं खुला तो लोगों को शक हुआ। परिजन शटर उठा कर अंदर गए तो देखे कि कमलेश छत के कुंडे से लटक रहे थे। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पूछताछ में परिजन किराना व्यवसायी के आत्मघाती कदम उठाने की वजह नहीं बता पाए। उन्होंने इतना जरूर बताया कि कमलेश की शादी के लिए बृहस्पतिवार को लड़की वाले देखने आए थे। पीड़ित परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।