संतकबीरनगर। दिवाली रात में दुधारा क्षेत्र के दुर्गजोत के पास दो बाइक आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार सोनौरा गुमान राय गांव निवासी मनोज कुमार मिश्रौलिया निवासी आशुतोष चौधरी के साथ बाइक से दुर्गजोत में मेला देखने गया था। जहां से वापस आते समय उसकी बाइक और दूसरी बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। मनोज और आशुतोष दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मनोज अपने मां भानमती व पिता रामनरेश का एकलौता पुत्र था। मनोज की मौत से उसके दो बेटे क्रमशः अमन आठ वर्ष व आर्यन तीन वर्ष तथा बेटी रिया छह वर्ष के सिर से पिता का साया उठ गया। पत्नी उषा देवी और माता भानमती रोते-रोते बेहोश हो जा रही थीं। वहीं, आशुतोष की मौत से पत्नी अलका चौधरी का रो-रो कर बुरा हाल है। उनके दो मासूम बच्चे अनाथ हो गए। दोनों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।