संतकबीरनगर। नगर के विस्तारित क्षेत्र में शामिल गांव में अब भी बांस-बल्ली के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। लटक रहे तार से हादसे की आशंका है। लोगाें ने पोल लगवाने की मांग की है। शहर के बड़गो, नेदुला, पटखौली आदि क्षेत्रों में अभी भी विद्युत सप्लाई बांस और बल्ली के सहारे की जा रही है। इन जगहों पर अभी तक विद्युत तार नहीं दौड़ाए जा सके है। इसके साथ ही पोल भी नहीं लगे है। लोग मुख्य सड़क से लेकर अपने मोहल्ले तक बांस और बल्ली लगाकर उस पर केबल तार खींच का किसी तरह से काम चला रहे है। नेदुला निवासी जय करन प्रजापति, श्याम मोहन, राजजीत ने बताया कि पोल न लगे होने की वजह से बांस के सहारे आपूर्ति होती है जो अक्सर किसी वाहन में फंस कर केबल का तार टूट जाता है। जिससे समस्या उत्पन्न हो जाती है। अगर इन जगहों पर पोल लगा दिया जाए तो समस्या से निजात मिल जाएगी। लोगों ने विद्युत निगम ने विस्तारित क्षेत्रों में पोल लगाए जाने की मांग की है।