रोसया बाजार। क्षेत्र के पौली और दूल्हापार के बीच में आगा बाबा मजार के पास रामजानकी मार्ग पर गिरी मिट्टी में बाइक सवार तीन युवक फिसल गए। इनमें तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आस पास के लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मलौली भेजा। इससे नाराज गांव वालों ने रामजानकी मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और ग्रामीणों को समझाया बुझाया। करीब 45 मिनट बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
बस्ती जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी अनस, शिवम और दिलीप एक ही बाइक पर सवार होकर पौली क्षेत्र के मोहम्मदपुर में रिश्तेदार के घर आ रहे थे। अभी वह लोग रामजानकी मार्ग स्थित आगा बाबा के मजार पर पहुंचे ही थे कि रामजानकी मार्ग के पटरी निर्माण के लिए मिट्टी रखी थी। उसी मिट्टी फिसल गए और तीनों लोग सड़क पर गिर गए। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीनों लोगों को ग्रामीणों ने सीएचसी मलौली भिजवाया। ग्रामीण संदीप, असलम खान, जुबेर अहमद आदि ने बताया कि रामजानकी मार्ग के पटरी निर्माण के लिए पांच दिनों से मिट्टी रखी गई है, जिसे हटाया नहीं गया। रविवार को ही सात लोग फिसल कर घायल हो गए हैं। इससे नाराज होकर सड़क जाम कर दिया। चौकी इंचार्ज अशोक दुबे ने ग्रामीणों को समझाया बुझाया। करीब 45 मिनट बाद ग्रामीण मानें और जाम समाप्त किए।