धनघटा। थाना क्षेत्र के हैंसर बाजार, डेबरी मार्ग पर रामजंगला गांव के पास शुक्रवार को पुल के पास एक युवक का शव गांव वालों ने देखा। शोर मचाया तो तमाम लोग पहुंच गए और सूचना पुलिस को दी। पुलिस उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली गई, जहां देखने के बाद डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार जगदीशपुर गांव निवासी बलिराम (20) पुत्र सतई हैंसर बाजार में एक टेंट हाउस पर काम कर रहा था। बृहस्पतिवार की रात वह बाइक से करीब 11:00 बजे अपने घर जा रहा था। जब वह रमजंगला के करीब पहुंचा तो वह सड़क के नीचे पुल के पास जाकर गिर गया। पूरी रात युवक वहीं पड़ा रहा।
बलिराम सड़क से नीचे कैसे गिरा यह कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सुबह जब लोगों ने देखा तो शोर मचाया। मौके पर पुलिस पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गई। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने बलिराम को मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।