मगहर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बयारा निवासी एक युवक रविवार की शाम लगभग पांच बजे बाइक लेकर खलीलाबाद से बयारा स्थित अपने घर लौट रहा था। हाईवे स्थित पशु बाजार रैना पेपर मिल के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन इलाज के लिए संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल काॅलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
बता दें कि बयारा गांव निवासी राम अवतार (22) पुत्र रमेश चौरसिया रविवार को खलीलाबाद किसी कार्य से आया हुआ था। काम पूरा होने के बाद वह अपने घर बयारा लौट रहा था। नेशनल हाईवे स्थित पशु बाजार रैना पेपर मिल के पास पहुंचा ही था कि वह एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर में पीछे लगे फार में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और इलाज के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय खलीलाबाद ले गए। वहां डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। देर शाम मेडिकल काॅलेज गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची मगहर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कमाऊ पुत्र की दुर्घटना में हुई मौत से सदमे में परिजन : बयारा गांव निवासी मृतक राम अवतार की दुर्घटना में मृत्यु पर गांव में मातम छा गया है। गांव के किसान नेता रणजीत सिंह ने बताया कि मृतक युवक दो भाई व दो बहन थे। एक बहन की शादी हो चुकी है। मृतक युवक व उसका छोटा भाई व छोटी बहन की अभी शादी होनी थी।