डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत
संतकबीरनगर। खलीलाबाद-धनघटा मार्ग पर विश्वनाथपुर के पास सोमवार की देर शाम हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
महुली क्षेत्र के गिठनी गांव निवासी 19 वर्षीय कृष्णचंद उर्फ मखानू पुत्र श्रीराम सोमवार को बाइक से अपनी भाभी को विदा कराने नाथनगर गए थे। देर शाम भाभी अपने भाई के साथ बाइक से ससुुुराल जा रही थीं। जबकि कृष्णचंद अपनी बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही कृष्णचंद विश्वनाथपुर के पास पहुंचे, एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान के पास डंपर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजवाया, जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसओ रणविजय सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।