पुल पर मिली बाइक, युवक का नहीं चला पता
शनिवार सुबह घर से निकला था अंकुर
परिजनों ने अनहोनी की जताई आशंका
धनघटा(संतकबीरनगर)। शनिवार सुबह आंबेडकर नगर जाने की बात कहकर घर से निकले नेतवापुर गांव के युवक की बाइक शनिवार देर रात बिडहर घाट पुल पर मिली। परिजन थाने से बाइक को तो ले आए, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
रविवार को अनहोनी की आशंका जताते हुए लापता युवक की मां ने धनघटा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। नेतवापुर गांव निवासी सरोजा पत्नी विद्यासागर का कहना है कि 18 वर्षीय बेटा अंकुर शनिवार सुबह आंबेडकर नगर जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटा।
रविवार सुबह आंबेडकर नगर जिले के जहांगीरगंज थाने से फोन आया कि उसके बेटे की बाइक लावारिस हाल में पुल पर पाई गई है। पीड़ित मां का कहना है परिवार के लोग थाने से बाइक को घर ले आए, लेकिन बेटे का पता नहीं चल सका। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।