टेमा रहमत चौराहे पर बाइक में लगी आग-स्रोत जागरूक पाठक
संतकबीरनगर। कोतवाली थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टेमा रहमत चौराहे पर रविवार की सुबह में एक बाइक में आग लग गई। बाइक धू-धू कर जल गई। आग से चौराहे पर अफरा तफरी मच गई। जब तक लोग आग बुझाते तब तक वह जल कर राख हो गई।
दुधारा थाना क्षेत्र के छपिया छितौना गांव निवासी शाद रहमान पुत्र सफीकुर्रहमान किसी काम से टेमा रहमत चौराहे पर आया था। घर जाने के लिए जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट करने के लिए किक मारी, उसमें आग लग गई। आग की लपटें देखकर शाद रहमान बाइक से कूद गए और जान बचाई। इस घटना के बाद चौराहे पर कुछ समय के लिए भगदड़ मच गई। आग की लपटें देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी बाइक जल चुकी थी। बाइक में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।