खलीलाबाद और मगहर क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ गांवों के उपभोक्ता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद, मगहर क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ गांवों में दो दिनों से पूरी रात बिजली कट जा रही है। वहीं दिन में लो वोल्टेज की दिक्कत रहती है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पिछले दिनों लगातार बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति पटरी से उतर गई थी। बारिश बंद होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब बिजली आपूर्ति निर्बाध गति से मिलेगी, लेकिन बृहस्पतिवार से ही रात दस बजते-बजते बिजली गुल हो जा रही है।
स्थिति यह है कि मगहर, गड़सरपार, निचौरा, बरईपार पैठान, नहसापार, केरमुआ, चकदही, दुबौली, धरैची आदि गांवों में उपभोक्ताओं को पूरी रात उमस भरी गर्मी में जागकर गुजारनी पड़ रही है। इसको लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश बढ़ रहा है। क्षेत्र के दिनेश कुमार, रविंद्र यादव, धर्मेंद्र कुमार आदि ने कहा कि पिछले दो दिनों से काफी दिक्कत हो रही है। दिन में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण सिर्फ बल्ब ही जल रहे हैं। रात के समय स्थिति और दयनीय हो जा रही है। कारण यह है कि दस बजते-बजते बिजली गुल हो जा रही है और पूूरी रात बिजली नहीं आ रही है। जिससे काफी दिक्कत हो रही है। लोगों ने मांग किया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठीक की जाए।
विद्युत वितरण निगम के अधिशाषी अभियंता आरके सिंह ने कहा कि रात के समय में लोड बढ़ जा रहा है, जिसके कारण लाइन ट्रिप कर जा रही है। उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही इन क्षेत्रों के लोगों को राहत मिल जाएगी।