बालुशासन बघौली यही से बनेगा रिंग रोड़।
संतकबीरनगर। शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए चारों तरफ रिंग रोड बनाने की पहल हुई है। इसके तहत पायलपार-भुवरिया रिंग रोड़ का विस्तार करते हुए बालू शासन चौराहे तक ले जाया जाएगा। इसके लिए सड़क का चिह्नांकन शुरू हो गया है। इसके बनने से महराजगंज, सिद्धार्थनगर से आने वाले वाहन शहर में आने की बजाय इस मार्ग से होते हुए आंबेडकरनगर तक जाएंगे।
सेफ सिटी के तहत प्रशासन ने शहर में लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए चारों तरफ रिंग रोड के निर्माण की दिशा में कदम उठाया है। इसके तहत पायलपार से भुवरिया तक रिंग रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए करीब 29 करोड़ रुपये स्वीकृति हुए हैं। इस रिंग रोड से बस्ती की तरफ से आने वाले वाहन धनघटा, आंबेडकर नगर आएंगे और जाएंगे। अब इसी रिंग का विस्तार हाेने जा रहा है। लोक निर्माण के लिए जरिए प्रशासन को मिले प्रस्ताव के मुताबिक भुवरिया से बालूशासन तक नया रिंग रोड बनाए जाने का प्रस्ताव है। करीब नौ किलोमीटर लंबे इस रिंग रोड के निर्माण से सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, मेंहदावल आदि क्षेत्रों से धनघटा और आंबेडकरनगर, आजमगढ़, बनारस जाने वाले लोगाें को बगैर शहर में प्रवेश किए सुगम मार्ग मिल जाएगा। इससे जहां लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी वहीं आने-जाने में समय की बचत भी होगी।
भुवरिया से बालूशासन तक बनने वाले इस रिंग रोड के लिए जमीन का चिह्नाकिन का कार्य शुरू हो गया है। जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके साथ ही शहर से सटे मंझरिया से चकदही तक भी रिंग रोड बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। प्रशासन की यह कोशिश सफल हुई तो शहर के चारों तरफ से बड़े वाहन आसानी से अपने गंतव्य की ओर चल जाएंगे। शहर में वाहनों की आवक कम होगी तो जाम जैसी समस्या भी दूर हो जाएगी।
भुवरिया से बालू शासन तक रिंग रोड बनाए जाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। जमीन की चिह्नांकन कराया जा रहा है। जल्द ही काम शुरू कराए जाएंगे।
महेंद्र सिंह तंवर- डीएम