संतकबीरनगर। इस समय मौसम में बदलाव के चलते खांसी-जुकाम के ठीक होने में देर लग रही है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 200 के करीब इस बीमारी से पीड़ित मरीज पहुंच रहे है। चिकित्सक बिना सलाह के दवा न खाने की बात कह रहे हैं, वही मरीज एंटीबॉयोटिक दवा देने की मांग कर रहे हैं ताकि कमजोरी जल्दी से दूर हो जाए।
जिला अस्पताल के ओपीडी में प्रतिदिन 1100 के करीब मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसमें करीब 200 मरीज खांसी, जुकाम से पीड़ित आ रहे हैं। फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ का कहना है कि खांसी-जुकाम में बिना चिकित्सक के सलाह के कोई दवा लेना उचित नहीं है। इससे बीमारी और बढ़ जाती है। जहां यह बीमारी तीन दिन में ठीक होनी होती है उसमे लंबा समय लग जा रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में सर्दी खांसी के जो मरीज आ रहे हैं वह कमजोरी बताकर एंटीबॉयोटिक दवा की मांग कर रहे है, पर ज्यादा एंटीबॉयोटिक दवा खाने से जकड़न और बढ़ जाती है, जो बीमारी तीन दिन में सही होती है उसमें 10 से 15 दिन लग जा रहे हैं। ऐसे में बिना सलाह के कोई भी मरीज दवा न लें।
उन्होंने कहा कि इम्युनिटी मजबूत करने के लिए फल का सेवन करें। घर का बना ताजा भोजन खाएं। शरीर में पानी की कमी न होने दे। खाने में खीरा, सलाद, शिमला मिर्च जरूर खाएं। इसके साथ ही भरपूर नींद ले जिससे की तनाव न बने।
0000000000000
खांसी और जुकाम के लिए क्या करें
- गर्म पानी पिएं
- नियमित रूप से टहलें
- योग और व्यायाम करें
- बांसी खाने से बचे।
- कोल्ड ड्रिंक पीने से बचें
- अपने बालों को धोने के बाद अपने बालों को अच्छी तरह से सुखा लें