भाकियू ने किया सड़क जाम का प्रयास
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भानू) गुट के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट के सामने खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर धरना दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करने का प्रयास भी किया। करीब आधे घंटे के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को संबोधित मांग पत्र डीएम को सौंपा।
भाकियू के कार्यकर्ता करीब 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और खलीलाबाद-मेंहदावल मार्ग पर धरने पर बैठ गए। जिलाध्यक्ष रामवृक्ष पटेल ने कहा कि किसान आयोग का गठन किया जाए। 60 वर्ष से ऊपर के किसानों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिया जाए। किसान आयोग को फसलों का मूल्य तय करने के लिए स्वतंत्र किया जाए। दुुर्घटना में मरने वाले किसानों के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए। देश की सेवा में शहीद होने वाले के परिजनों को पांच करोड़ रुपये दिए जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों का गन्ना मूल्य बकाया है, उसे तत्काल दिलाया जाए। नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ा जाए।