राष्ट्रपति व पीएम को संबोधित ज्ञापन अपर एसडीएम को सौंपा0
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। भारतीय किसान यूनियन चढूनी के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कलक्ट्रेट के अपर एसडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि देश का अन्नदाता कहे जाने वाला किसान आज खुद कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। सरकार से संचालित तमाम सरकारी योजनाओं से किसान वंचित हैं। पात्र होते हुए भी सरकारी अधिकारियों, कार्यालयों का चक्कर लगा रहा है। बावजूद इसके उसे योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिले के तमाम ऐसे गरीब किसान हैं, जो पात्र होते हुए भी आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। सरकार से संचालित पशु शेड योजना में भी काफी धांधली, अनियमितताएं की जा रही हैं। पात्रों को पशु शेड योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। सभी पात्र की जांच कर यथाशीघ्र पशु शेड योजना का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि जिले में तमाम सरकारी हैंडपंप दूषित पानी दे रहे हैं। कई हैंडपंप काफी दिनों से खराब पड़े हुए हैं। विभाग मरम्मत नहीं करा रहा है। जिससे लोगो को शुद्ध जल मुहैया नहीं हो पा रहा है। तमाम मुकदमों में पुलिस लंबे समय से जांच नहीं कर रही है। अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। तमाम फर्जी दर्ज कराए गए कई मुकदमो में अंतिम रिपोर्ट नहीं पेश कर रही है। न ही निर्दोषों को मुकदमे से बरी कर रही है। कई मुकदमे में निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। जिले में तमाम अपराधी सक्रिय हो गए हैं। उन पर गैंगस्टर लगाया जाना जरूरी है। वरिष्ठ प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश पांडेय ने कहा कि संगठन पूरे देश में किसान हित एवं जनहित की लड़ाई के लिए लगातार सक्रिय है। किसानों की आवाज पूरे देश में उठाई जा रही है। इस दौरान धीरज मिश्रा, सुभाष यादव, निजामुद्दीन, फिरोज अहमद, राम उजागिर पांडेय, विनय कुमार, हाफिजउल्लाह, उमांचंद, बहरइची, मेवाती देवी, पार्वती देवी, शैलेश और मनोज कुमार आदि मौजूद थे।