भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अधिशासी अभियंता विद्युत के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान खलीलाबाद विकास खंड के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति में आ रही दिक्कतों का मामला उठाया और व्यवस्था ठीक करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद अधिशासी अभियंता को मांगों को ज्ञापन सौंपा।
भाकियू कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्ष पंडित जनार्दन मिश्र के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत गिरधरपुर, पड़रिया, ढेलुआखोर सहित कई गांवों में विद्युत सप्लाई बार-बार बाधित हो रही है। इसके कारण इन गांवों के लोगों को तमाम परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने गिरधरपुर का जिक्र करते हुए कहा कि यहां 14 पोल लगे हैं, जिसमें से दो पोल टूट गए हैं, लेकिन इन्हें बदला नहीं गया। वर्तमान में भी कुछ क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में तत्काल कदम उठाए जाने की जरूरत है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वृहद आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रदर्शन में रमाशंकर यादव, हरिहर यादव, दयाराम विश्वकर्मा, इंद्रेश, राम टहल चौरसिया, लाल मोहम्मद, कुतुबुद्दीन, राम नैन, कलावती, सरोज, संतकुमार, गुड्डी, सोनमती, प्रभावती देवी, दूधनाथ, गेनादेवी, राधिका, संध्या आदि शामिल रहे।