संतकबीरनगर। 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इसे लेकर परीक्षार्थी चिंतित हैं। हाईस्कूल परीक्षाओं के लिए हिंदी विषय में अच्छे अंक लाने के लिए के सफलता के टिप्स दिए।
हिंदी विषय के शिक्षकों का कहना है कि इसे अक्सर हल्के में लिया जाता है, लेकिन हिंदी ही आपकी मेरिट को बेहतर बनाने में मददगार साबित होता है। एएच एग्री इंटर कॉलेज दुधारा के हिंदी प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस ने परीक्षार्थियों को गुरु मंत्र देते हुए बताया कि आपका सुंदर लेख और व्याकरण पर अच्छी पकड़ सबसे ज्यादा जरूरी है। साथ ही समय का प्रबंधन बहुत ही आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में सफलता के लिए उत्तरपुस्तिका का प्रस्तुतीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। परीक्षकों के चेक करने के लिए बड़ी संख्या में कॉपियां होती हैं, ऐसे में साफ-सुथरी लिखावट और उत्तरों के बीच उचित गैप परीक्षकों पर अच्छा प्रभावी तरीका है। बताया कि हिंदी की परीक्षा में साफ-सुथरे लेखन का भी महत्व होता है। शब्द बड़े और साफ लिखे जाने चाहिए ताकि परीक्षक को मूल्यांकन के समय दिक्कत न हो।
0
जीवन परिचय को फ्लोचार्ट में बदलें
लेखकों, कवियों के जीवन परिचय लिखते समय केवल पैराग्राफ में जानकारी न भरें। इसके बजाय, जन्म स्थान, माता-पिता का नाम, प्रमुख रचनाएं और मृत्यु जैसी जानकारियों को एक फ्लोचार्ट में प्रस्तुत करें। इससे परीक्षक को कम समय में पूरी जानकारी मिल जाती है और वह तुरंत अंक दे सकता है।
0
निबंध को प्रभावी बनाएं
प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस ने बताया कि निबंध को छोटे-छोटे शीर्षकों में बांटना चाहिए। किसी प्रभावशाली कविता की पंक्ति या सुविचार से शुरुआत करने पर निबंध भीड़ से अलग नजर आता है।
0
समय प्रबंधन का रखें ध्यान
छात्र अक्सर जीवन परिचय या निबंध में अधिक समय लगा देते हैं, जिससे अंत के प्रश्न छूट जाते हैं। ऐसे में, जो प्रश्न अच्छी तरह आता हो, उसे पहले करें। परीक्षा के दौरान घड़ी पर नजर रखें और हर सेक्शन के लिए समय निर्धारित करें।
0
व्याकरण के अंक न गवाएं
रस, छंद, अलंकार और संधि विच्छेद जैसे व्याकरणिक बिंदु पूरे नंबर दिलाते हैं। प्रवक्ता मोहम्मद यूनुस ने बताया कि हिंदी के ही पेपर का एक हिस्सा संस्कृत का होता है। इसमें संस्कृत से हिंदी और हिंदी से संस्कृत अनुवाद आता है। इसे आप सही तरीके से तब ही हल कर सकते हैं जब आपकी पकड़ व्याकरण पर अधिक होती है।
0
ये भी रखें याद
क्या करें : प्रश्न संख्या स्पष्ट लिखें, नए पेन के बजाय चले हुए पेन का प्रयोग करें, शब्दों की सीमा का ध्यान रखें।
क्या न करें : कॉपी में ज्यादा काट-पीट न करें, उत्तर में गाना या अनावश्यक बातें न लिखें, रटने के बजाय मूल भाव को समझें।