समय माता मंदिर के पोखरे का जीर्णोद्धार रूका-संवाद
संतकबीरनगर। शहर के प्रसिद्ध समय माता मंदिर परिसर में स्थित पोखरे के सुंदरीकरण के कार्य में बजट का संकट खड़ा हो गया है। कार्य ठप पड़ा है। पालिका प्रशासन ने इसके लिए चार करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है, लेकिन अभी तक बजट उपलब्ध नहीं हो पाया है।
समय माता मंदिर के पोखरों को पर्यटन के दृष्टिकोण से विकसित करने की योजना तैयार की गई थी। इसके तहत करीब डेढ़ करोड़ से पोखरे के दो तरफ बाउंड्रीवाल कराने के साथ ही सीढि़यों को निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही लाइटें लगाई गई है। यहां पर आने वाले लोगों के लिए धर्मशाला, बेंच, फौव्वारा, बीच में जाने के लिए पुल और दुकानों का भी निर्माण कराया जाना है, लेकिन बजट की कमी आड़े आ गई है। इसके कारण कार्य ठप हो गया है। इसके लिए पालिका प्रशासन ने करीब छह माह पहले शासन को करीब चार करोड़ के बजट का प्रस्ताव बनाकर भेजा है, ताकि अधूरे कार्य को पूरा कराया जा सके। शहर के निवासी रमेश कुमार, संजय गुप्ता आदि ने कहा कि यदि समय माता मंदिर परिसर स्थित पोखरे का सुंदरीकरण हो जाए तो शहर में रमणीक स्थल मिल जाएगा और लोगों को मनोरंजन आदि के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यही नहीं समय माता मंदिर पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, उन्हें भी काफी लाभ होगा।
0
समय माता मंदिर स्थित पोखरे को पर्यटन की दृष्टिकोण से विकसित किया जा रहा है। बजट की कमी के कारण कार्य ठप हो गयाहै। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही बजट उपलब्ध हो जाएगा। इसके बाद कार्य तेजी से पूर्ण कराया जाएगा। इससे लोगों को लाभ मिलेगा। -अवधेश कुमार, ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद