अधिकारों के उपयोग को लेकर जागरूक रहें बेटियां
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में सोमवार को नारी सशक्तिकरण अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद एएसपी, सीओ सदर व कॉलेज के प्राचार्य समेत सभी वक्ताओं ने छात्राओं को शिक्षा व स्वालंबन की सीख दी। कहा गया कि बेटियां निर्भिक होकर अपने अधिकार का उपयोग करें।
राष्ट्रीय सेवा योजना एवं पुलिस विभाग की तरफ से ‘महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कॉलेज की अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. मंजू मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के प्रसार से ही समाज में महिला व पुरुष के बीच की गैर बराबरी खत्म होगी। बेटियां अपने अधिकारों का उपयोग करें और समस्याओं का सामना करना सीखें। एएसपी असित श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। सीओ सदर रमेश कुमार ने कहा कि सामाजिक बदलाव में छात्राओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. डीएन पांडेय ने कहा कि अब शिक्षा, प्रशासन, राजनीति आदि कोई भी क्षेत्र महिलाओं से अछूता नहीं है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में स्त्रियों को हमेशा से उच्च स्थान प्राप्त रहा है। डॉ. विजय कुमार मिश्र ने कहा कि लड़कियों को भयमुक्त होकर आगे आना होगा। प्राचार्य डॉ. डीडी सिंह जनवरी के प्रथम सप्ताह में छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर के आयोजन की घोषणा की।