मेंहदावल। खंड विकास अधिकारी सुरेश मौर्य ने गुलरिहा ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय का कार्य अधूरा मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभाव से भुगतान रोकने का निर्देश दिया। सामुदायिक शौचालय का कार्य पूर्ण होने के बाद ही भुगतान करने का उन्होंने निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया। पंचायत भवन में व्याप्त कमियों को दूर करने को लेकर भी ग्राम पंचायत सचिव व ग्राम प्रधान को निर्देशित किया।
खंड विकास अधिकारी सुरेश मौर्य ने कहा कि सामुदायिक शौचालय व पंचायत भवन योजना शासन की प्राथमिकता में शामिल है। लंबे समय से निर्माण कार्य चलने के बावजूद अगर भवन का कार्य पूरा नहीं हो रहा है तो यह कार्यदायी संस्था की लापरवाही है। तय समय सीमा के भीतर उन्होंने निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत सचिव को किसी प्रकार का कोई भुगतान नहीं करने का उन्होंने निर्देश दिया है। पंचायत भवन में पानी का मोटर लगाने व साफ-सफाई रखने को लेकर भी उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव व प्रधान को निर्देशित किया है। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दिया है। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी राजेश पांडेय भी मौजूद रहे। संवाद