संतकबीरनगर। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के कार्यक्रम में पिछले बुधवार को बिजली व्यवस्था बाधित रहीं। जिसकी वजह से अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कर्मचारी और अन्य लोगों को उमस भरी गर्मी से असुविधा झेलनी पड़ी। डीएम के निर्देश के बावजूद न तो एक्सईएन मौके पर पहुंचे और न ही बिजली व्यवस्था में कोई सुधार का प्रयास किया। इसे कर्तव्य एवं दायित्व के प्रति लापरवाही मानते हुए डीएम ने एक्सईएन बिजली रणधीर कुमार को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी।
21 जून को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या का धनघटा तहसील क्षेत्र के दुघरा कला बगीचे में कार्यक्रम था। इसके लिए एक दिन पूर्व से तैयारियां की गई। डीएम की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया। एक्सईएन बिजली को विद्युत व्यवस्था सुनिश्वित कराने का निर्देश था,लेकिन एक्सईएन मौके पर उपस्थित नहीं हुए। जबकि वीआईपी कार्यक्रम के दौरान एक्सईएन को अपने अधीनस्थ अभियंताओं, कर्मियों के साथ स्वयं कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित रहना चाहिए था। इनकी लापरवाही की वजह से डिप्टी सीएम के कार्यक्रम के दौरान उक्त क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बाधित रही। जबकि उक्त के संबंध में कई बार दूरभाष से एक्सईएन को अवगत भी कराया गया। बावजूद इसके एक्सईएन के जरिए बिजली सुधार की दिशा में कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। सूचना दिए जाने के बाद भी एक्सईएन मौके पर उपस्थित नहीं हुए,वरन यह कह कर प्रकरण को टालने का प्रयास किया गया कि मौके पर एसडीओ को भेजा गया है। जिसकी वजह से भीषण गर्मी में जनता ,अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों को काफी सुविधा का सामना करना पड़ा। वहां संचालित प्राथमिक विद्यालय में क्रू की व्यवस्था की गई थी, लेकिन वहां भी बिजली व्यवस्था बाधित रही। मौके पर कोई अवर अभियंता अथवा बिजली कर्मी दिखाई नहीं दिए। डीएम संदीप कुमार ने बताया कि डिप्टी सीएम जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सरसरी तौर पर लेते हुए अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में एक्सईएन बिजली रणधीर कुमार ने घोर लापरवाही और उदासीनता बरती। इसके लिए एक्सईएन बिजली को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी गई।