संवाद न्यूज एजेंसी
सांथा। सांथा ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों व पंचायत सहायकों को नमामि गंगे जल आपूर्ति विभाग व राज्य पेयजल स्वच्छता मिशन के तहत इंटिको टेक्निकल सर्विसेज की टीम के जरिए प्रशिक्षित किया गया। सभी को दो दिवसीय प्रशिक्षण देकर प्रमाणपत्र व किट दिया जाएगा।
जिला कार्यक्रम समन्वयक तुषार श्रीवास्तव व दीनानाथ गुप्ता ने कहा कि गांव के लोगों को शुद्ध पानी मिले, इसके लिए सरकार सभी के लिए पेयजल सुविधा बढ़ाने का प्रयास कर रही है। ग्राम पंचायत स्तर पर पानी के टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जिससे लोगों को शुद्ध पानी मिल सके और बीमारियों से निजात मिले। प्रशिक्षक दीपक यादव व शुभम मिश्रा ने कहा कि हम लोग हर गांव के लोगों को शुद्ध पानी पीने के लिए प्रेरित करेंगे। जिससे बीमारियों से छुटकारा मिल सके। सभी को दो दिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद किट तथा प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इस दौरान डीसी ओपी त्रिपाठी, एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी, इंद्र दूबे, विवेकानंद पांडेय, दीनानाथ गुप्ता, अखिलेश पासवान और ऋषि समेत अन्य मौजूद रहे।