धनघटा। स्थानीय तहसील परिसर में बार संघ भवन का निर्माण होगा। इसमें लाइब्रेरी भी शामिल है। इस कार्य के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। अधिवक्ताओं को उम्मीद है कि संघ के भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा।
वर्ष 1997 में धनघटा में तहसील का सृजन हुआ। लंबे समय तक तहसील का कामकाज बाढ़ शरणालय केंद्र में संचालित हुआ। उसके बाद शासन ने तहसील भवन के निर्माण को मंजूरी दी तो धनघटा थाना गेट के सामने तहसील का निर्माण हो गया। तहसील का निर्माण तो जरूर हुआ लेकिन अधिवक्ताओं के बैठने और बैठक करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
छप्पर और टिन शेड में बैठकर अधिवक्ता मुकदमों की पैरवी अब तक करते चले आ रहे हैं। इधर जनप्रतिनिधियों की निगाह अधिवक्ताओं की तरफ गई तो अधिवक्ताओं को बैठने के लिए टिनशेड का भी निर्माण कार्य होने लगा लेकिन कहीं पर बैठकर आपसी विचार-विमर्श करने और लाइब्रेरी की कोई व्यवस्था तहसील में नहीं थी। इसकी मांग अधिवक्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद्र चौहान से की।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राय ने बताया कि बार संघ भवन के निर्माण के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। संघ के भवन में सभी सुविधाओं के साथ लाइब्रेरी भी होगी। उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि जल्द ही बार संघ भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राय ने बताया कि बार संघ भवन के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई हैं।