संतकबीरनगर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने गुरुवार को हड़ताल जारी रखी। इस दौरान बैंक कर्मी पूर्वांचल बैंक की मुख्य शाखा पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। बैंक कर्मियों की हड़ताल के चलते सभी बैंकों में ताले लटके रहे तो एटीएम के शटर भी नहीं उठे। इसके कारण लेनदेन का काम पूरी तरह से प्रभावित रहा। कई उपभोक्ता बैैंकों व एटीएम का चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
हड़ताली बैंक कर्मियों ने कहा कि वेतन पुनरीक्षण में मांग पत्र के निस्तारण में अनावश्यक विलंब हो रहा है। वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों, अधिकारियों के वेतन पुनरीक्षण में सरकार का रवैया उदासीन बना हुआ है। सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि वेतन वृद्धि के लिए वेतन बिल में सिर्फ दो प्रतिशत की बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव दिया गया है। यह किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कुछ बैंकों द्वारा आंशिक अधिकार पत्र केवल स्केल तृतीय तक के अधिकारियों के लिए ही है। बैंक कर्मियों ने त्वरित एवं शीघ्र वेतन पुनरीक्षण समझौता, वेतन में पर्याप्त वृद्धि एवं सेवाशर्तों मेेें सुधार के साथ ही स्केल चतुर्थ तक अधिकारियों के लिए वेतन पुनरीक्षण समझौता की मांग की। हड़ताल में विजय कुमार सिंह, मनीष कुमार, जितेंद्र कुमार, विकास शर्मा, बृजेश कुमार, सानू रौनक, शमीम, सुशील कुमार आदि लोग शामिल रहे।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार बैंकों की लगातार दूसरे दिन हुई हड़ताल से जहां करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ होगा, वहीं बैंक ग्राहकों व छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को तो समय से पैसा नहीं मिलने के कारण भटकने को मजबूर होना पड़ा।
बुधवार को शुरु हुई कर्मचारियों की हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। नगर पंचायत क्षेत्र में कुल नौ राष्ट्रीयकृत बैंक संचालित है। दो दिन की हड़ताल से ग्राहकों और लेने-देन करने वाले छोटे-बडे़ व्यापारियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। हड़ताल से सामान्य खातेदार भी परेशान दिखे। खाताधारक विमला देवी, शांति, सुखराम, दिवाकर, रमेंद्र, राधिका, शिवचंद्र, कमलेश सिंह ने कहा कि अब शनिवार को बैंक खुलेगा। एक दिन बाद रविवार को फिर छुट्टी रहेगी। ऐसे में समस्या बनी रहेगी।