सुबह से ही जाम लगने के कारण लोगों को खासी दिक्कत हुई।
- फोटो : अमर उजाला
धीमी गति से मार्ग निर्माण के चलते कस्बे के पूर्वांचल बैंक तिराहे पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक जाम लगा रहा। इससे लोग खासे परेशान रहे। वहीं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी वीआईपी ड्यूटी पर होने के कारण जाम हटवाते नहीं दिखे। वहीं लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के एक्सईएन में निर्माण में देरी का कारण करीब 25 प्रतिशत ही बजट मिलना बताया है।
बखिरा के मुख्य मार्ग पर इंटर कॉलेज से रसूलाबाद तिराहे तक करीब दो किलो मीटर लंबी खस्ताहाल सड़क का निर्माण हो रहा है। करीब ढाई पहले इस मार्ग का निर्माण हुआ था, लेकिन हाल यह है अब सिर्फ एक ओर की करीब 400 मीटर सड़क ही बन सकी है। रामस्वरूप, नुरुल्लाह, रामलखन, शमसुल हक, विजय कुमार, रफीक, राजू, कृष्णा ने कहा कि खलीलाबाद से होकर यह सड़क आनंदनगर, गोरखपुर, नौतनवां से होकर नेपाल तक जाती है। व्यस्त मार्ग होने से वाहनों की आवाजाही हर वक्त होती रहती है।
निर्माण में सुस्ती का आलम यह है कि करीब ढाई माह का बीतने के बावजूद महज चार सौ मीटर ही सड़क बन सकी है। लोगों को रोजाना जाम से दोचार होना पड़ रहा है, पड़ रविवार को स्थिति ज्यादा बिगड़ गई। जाम के दौरान एक ओर जहां लोग परेशान थे, लेकिन पुलिसकर्मी कहीं भी नजर नहीं आए। लोगों जिलाधिकारी से तेजी के साथ सड़क निर्माण की मांग की है।
वहीं प्रांतीय खंड के एक्सईएन एके दूबे ने बताया 30 दिसंबर से मार्ग निर्माण का कार्य शुरू हुआ है। दो किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से महज 1.57 करोड़ ही आवंटित हुआ है। बजट मिलने पर दोनों तरफ से जल्द निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। उम्मीद है दो माह में कार्य पूरा हो जाएगा। उधर, इंस्पेक्टर अनिल सिंह ने बताया कि अधिकांश पुलिसकर्मी वीआईपी ड्यूटी पर हैं। इससे चलते शीघ्रता से जाम नहीं हटवायाजा सका।