पिछली बार की बोर्ड परीक्षा में अभद्र व्यवहार करने वाले परीक्षा केंद्रों को इस बार बोर्ड परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा। सचल दस्ता, शिक्षा विभाग सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों से अभद्र व्यवहार करने वाले परीक्षा केंद्रों को इस दायरे में शामिल किया गया है। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए गाइड लाइन जारी की है।
जारी गाइड लाइन में यह कहा गया है कि जिन केंद्रों पर विगत तीन वर्ष की परीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन के निरीक्षण के दौरान अथवा सचल दस्ते के साथ अभद्र व्यवहार किया गया हो उनकी सूची बना ली जाए।
इसके साथ ही परीक्षा केेंद्रों पर हिंसात्मक या आगजनी की घटनाएं हुई तो उन्हें भी चिन्हित कर लिया जाय। इन परीक्षा केंद्रों को किसी भी हाल में वर्ष 2016 की परीक्षा के लिए बोर्ड परीक्षा केंद्र न बनाया जाय।
परिषद के सचिव ने कहा है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन कराना सुनिश्चित किया जाय। डीआईओएस बृजभूषण मौर्य का कहना है कि बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर गाइड लाइन जारी कर दिया है। अभद्र व्यवहार करने वाले परीक्षा केंद्रों को चिन्हित किया जाएगा। बोर्ड के निर्देशानुसार ही परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा।