- रविवार को शिखर सहित ढह गया था मंदिर, प्रशासन ने शुरू कराया डिजाइन और ड्राइंग का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर/ लोहरैया। धनघटा तहसील क्षेत्र के बसवांरी गांव में स्थित बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर का पुनर्निर्माण होगा। इसके लिए सोमवार को प्रशासन की ओर से भेजी गई अभियंताओं की टीम ने मंदिर की पैमाइश की। जिला प्रशासन का कहना है कि मंदिर का निर्माण होगा। इसके लिए डिजाइन का काम शुरू कर दिया गया है।
बैजूनाथ शिव मंदिर शिखर सहित रविवार को ढह गया था। इसके बाद प्रशासन ने पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को निर्माण विभाग की टीम ने मंदिर पहुंचकर गर्भगृह (मुख्य मंदिर) की पैमाइश की। मंदिर का पुनर्निर्माण नियमानुसार कराने के लिए गर्भगृह की भूमि का सीमांकन किया गया।
बता दें कि यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। जहां सावन मास सहित पूरे वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा गर्भगृह की पैमाइश शुरू होना पुनर्निर्माण की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि मंदिर का निर्माण शीघ्र शुरू होग।
कोट
बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर का पुनर्निर्माण होगा। इसके लिए डिजाइन और ड्राइंग का काम कराया जा रहा है। यह पूरा होते ही मंदिर निर्माण का काम शुरू होगा।
-आलोक कुमार, जिलाधिकारी
-
समिति करती है मंदिर की देखरेख
मंदिर संरक्षक समिति के अध्यक्ष विवेक राय का कहना है कि समिति ने अपने स्तर से मंदिर का निर्माण करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन अब प्रशासन की ओर से मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर की देखरेख समिति ही करती है। यह मंदिर साढ़े तीन सौ वर्ष पुराना है। रामदिहल राय ने मंदिर बनवाया था, उनकी आठवीं पीढ़ी इसकी देखरेख करती है। मंदिर पर आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां पूजा-अर्चना करते हैं। मंदिर के निर्माण से उन्हें सहूलियत होगी।