सेमरियावां। ब्लाॅक के कोहरियावां गांव में एनएसएस वॉलीबाल क्लब कोहरियावां की ओर से चल रहे तीन दिवसीय आल इंडिया डे नाइट वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शुक्रवार की रात खेला गया। फाइनल में आजमगढ़ की टीम ने जीत दर्ज कर ट्राफी पर कब्जा जमाया। उप विजेता टीम एनईआर गोरखपुर रही। विजेता व उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
शुक्रवार की रात पहला सेमीफाइनल मुकाबला एनईआर गोरखपुर व गोरखपुर स्पोर्ट्स के बीच खेला गया। दो सेट एनईआर गोरखपुर टीम ने 25-25 अंक हासिल किया, जबकि गोरखपुर स्पोर्ट्स टीम ने 21-22 अंक हासिल किया। एनईआर गोरखपुर ने 2-0 से मैच जीत लिया। मैन ऑफ द मैच शेर विक्रम रहे।
दूसरा सेमीफाइनल मैच आजमगढ़ व लखनऊ के बीच खेला गया। आजमगढ़ टीम ने 25-25 अंक हासिल किया, जबकि लखनऊ टीम ने 20-21 अंक हासिल किया। आजमगढ़ टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। मैन ऑफ द मैच आजमगढ़ के रजत को दिया गया। इसके बाद फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल मुकाबला आजमगढ़ व एनईआर गोरखपुर के बीच खेला गया। आजमगढ़ टीम ने 25-25 अंक हासिल किया, जबकि एनईआर गोरखपुर टीम ने 13-20 अंक हासिल किया। आजमगढ़ टीम ने 2-0 से फाइनल मुकाबला जीत लिया। मैन ऑफ द मैच रजत रहे।
पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने कहा कि खेल एकता, सामाजिकता, देश प्रेम और अनुशासन की भावना पैदा करता है। खेल से शारीरिक व मानसिक विकास होता है। खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल से आपसी सौहार्द बढ़ता है। इस दौरान आयोजक नोमान सिद्दीक, सुलेमान चौधरी, अनीस अहमद, जहीर अहमद, मास्टर अब्दुल बारी, महफूजुर्रहमान आदि मौजूद रहे।