एचआरपीजी कॉलेज में सड़क सुरक्षा को लेकर शपथ दिलाते प्राचार्य-स्रोत कॉलेज
संतकबीरनगर। हीरालाल रामनिवास स्नातकोत्तर महाविद्यालय खलीलाबाद में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता विषय पर संगोष्ठी हुई। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. ब्रजेश त्रिपाठी ने कहा कि आज हमें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गंभीर होने की आवश्यकता है। भारत में सड़क हादसों में अपनी जान गंवाने वालों की संख्या काफी अधिक है। इससे राष्ट्र की क्षति होती है। हम अपनी थोड़ी जागरूकता से न केवल स्वयं को, अपितु अन्य लोगों को भी सुरक्षित कर सकते हैं। इस अवसर पर हिन्दी विभाग के अध्यक्ष प्रो. अमित भारती ने कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना तथा उसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करना हमारा नागरिक कर्तव्य है। आज की युवा पीढ़ी अपने अधिकारों को लेकर जागरूक है इसलिए उन्हें अपने कर्तव्यों का भी बोध होना चाहिए। डॉ. प्रदीप कुमार ने छात्रों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर डॉ विद्या भूषण, डॉ. मनोज वर्मा व विजय बहादुर के अलावा छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।