संतकबीरनगर। यातायात पुलिस और विभिन्न थानों की पुलिस ने बुधवार को ‘हेल्मेट और सीट बेल्ट दिवस’ मनाया। एसपी हेमराज मीणा की अगुवाई में खलीलाबाद शहर में बाइक जुलूस निकाला गया। मेंहदावल बाईपास चौराहे से शुरू होकर बाइक जुलूस पूरे कसबे में भ्रमण कर लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। वहीं चेकिंग कर बिना हेल्मेट और सीट बेल्ट के सफर कर रहे वाहन चालकों को यातायात नियमों उल्लंघन बताते हुए 248 वाहनों का चालान किया।
इनमें 225 वाहन से 61900 रुपये का सम्मन शुल्क भी वसूला। इस दौरान सीओ रमेश कुमार, कोतवाल वीरेंद्र बहादुर सिंह, ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर राजेेंद्र यादव भी मौजूद रहे। धनघटा प्रतिनिधि के अनुसार महुली पुलिस ने भी हेल्मेट और सीट वेल्ट दिवस मनाते हुए वाहनों की सघन चेकिंग की।
करीब 25 वाहनों का नियम के उल्लंघन में चालान कर दिया। मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार पेट्रोल पंप तिराहे पर क्षेत्राधिकारी मेंहदावल हौसला प्रसाद व थानाध्यक्ष संतोष कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में दो पहिया,चार पहिया वानो के विरुद्व सघन हुई।
इस दौरान पुलिस जहां दो पहिया वाहन चालकों के हेलमेट की जांच की गई, वहीं चार पहिया वाहन चालक के सीट बेल्ट न लगाने की जांच हुई। इस दौरान हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए इसके प्रयोग के लिए वाहन चालकों को प्रेरित किया गया। 20 वाहनों का जहां चालान हुआ वही पुलिस ने 20 हजार समन शुल्क की वसूली की।
वाहनों से छह हजार जुर्माना वसूला
बखिरा। बखिरा पुलिस चौकी पर यातायात जागरूकता के तहत बुधवार को अभियान की शुरू किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी हौसिला प्रसाद ने वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने व दोपहिया पर बैठे हुए दोनों सवारों को हेलमेट लगाने का सलाह दिया। चेकिंग में चार व दो पहिया वाहनों से सीट बेल्ट नहीं लगाने व हेलमेट के बगैर चल रहे लोगों से छह हजार जुर्माना भी वसूला गया।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी ने कहा कि चार व दो पहिया चालकों को एकत्रित करके बताया कि प्रत्येक वाहन सवार की यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित हो। इसके लिए यातायात नियम का पालन जरूर करें। सुरक्षित यात्रा के लिए सभी को यह जरूरी है कि वह सीट बेल्ट और हेलमेट का उपयोग जरूर करें। शासन ने इसका संज्ञान लेते हुए आदेश दिया है कि अब प्रत्येक बुधवार को सीट बेल्ट व हेलमेट की चेकिंग करने के साथ ही लोगो को प्रेरित भी किया जाएगा।
थानाध्यक्ष रामसमुझ प्रभाकर ने बताया कि वाहन दुर्घटना रोकने के लिए अब लोगों को खुद से पहल करनी चाहिए। शासन व प्रशासन की जिम्मेदारी के साथ ही अब सामाजिक पहलू से भी प्रतिभाग करना होगा। इस दौरान वाहन चालक रामप्रसाद, शिवकुमार, दयाराम, कैलाश, जियाउद्दीन, रामप्रकाश समेत कई लोग मौजूद रहे।
वाहन चेकिंग के चलते लगा जाम
बखिरा। बुधवार को वाहन चेकिंग के दौरान बखिरा पुलिस चौकी के इर्द-गिर्द वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस कर्मियों को जाम को हटाने में काफी मसक्कत करनी पड़ी। सीट बेल्ट व हेलमेट की चेकिंग के दौरान बखिरा पुलिस चौकी के दोनो साइड में छोटे-बड़े वाहनो काफी लंबी लाइन लग गई।
ट्रक, बस आदि वाहन बेतरतीब खड़े होने से लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो रहा था। जाम की वजह से सीट बेल्ट व हेलमेट चेकिंग का कार्य पुलिस को रोकना पड़ गया। इसका फायदा उठाकर लोग बेफिक्र होकर बगैर सीट बेल्ट व हेलमेट के सड़क पर चलते रहे। क्षेत्राधिकारी हौसला प्रसाद ने कहा कि बेतरतीब वाहन की वजह से ऐसी स्थित हुई थी। थोड़े देर बाद ही यातायात सामान्य हो गया।