- बीईओ बेलहर कलां ने की अनूठी पहल
-26 विशिष्ट सहयोगी को सम्मान मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। समाज में शिक्षा के प्रति सक्रिय भूमिका निभाने तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने वाले जागरुक लोगों को स्कूलों में सम्मानित किया गया। बीईओ बेलहर कलां ने एक नई पहल करते हुए ब्लाॅक के सभी शिक्षकों को निर्देशित किया था कि वो हमारे विशिष्ट सहयोगी कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्कूल में कम से कम एक पुरुष व एक महिला सहयोगी को सम्मानित करें।
बीईओ बेलहर कलां ज्ञानचन्द्र मिश्र ने प्राथमिक विद्यालय बेलहर कलां व उच्च प्राथमिक विद्यालय कैथवलिया में विशिष्ट सहयोगी सुरेंद्र कुमार व मीना देवी और अंगद व मोहरी देवी को सम्मानित किया। बीईओ ने उन्हें निपुण लक्ष्य की प्रति भेंट की। बीईओ ने कहा कि विद्यालयों के पठन-पाठन में आमजन का महत्त्वपूर्ण योगदान होता है। सामुदाय की सहभागिता से स्कूलों के रख रखाव व शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने में काफी मदद मिलती है। इसी को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापकों तथा शिक्षकों के जरिए ऐसे लोगों को स्कूलों में सम्मानित करने का निर्णय लिया गया था।
ऐसे सभी सम्मानित विशिष्ट सहयोगी विद्यालय स्तर पर निपुण लक्ष्य के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर सहयोग प्रदान करेंगे। इसमें 26 विशिष्ट सहयोगी ऐसे भी थे जिनके पाल्य परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत नहीं हैं फिर भी वे शिक्षा के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।