युनूस अख्तर प्रधानाचार्य बोर्ड परीक्षा की तैयारी में
संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्र-छात्राओं को समय प्रबंधन के साथ दिमाग शांत रखकर परीक्षा देने के टिप्स शिक्षकों ने दिए हैं। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य यूनुस अख्तर ने छात्रों को टिप्स दिए।
उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा जीवन की महत्वपूर्ण परीक्षा होती है, लेकिन अनावश्यक भय और तनाव से दूर रहकर ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि पूरे पाठ्यक्रम को एक साथ पढ़ने के बजाय उसे छोटे-छोटे भागों में विभाजित कर नियमित रूप से अध्ययन करें। प्रत्येक विषय के महत्वपूर्ण प्रश्नों को बार-बार दोहराने से आत्मविश्वास बढ़ता है।
उन्होंने कहा कि कठिन विषयों और अध्यायों से बचने के बजाय उन पर अधिक अभ्यास करना चाहिए, जिससे परीक्षा के समय परेशानी न हो। उत्तर लेखन पर विशेष जोर देते हुए बताया कि परीक्षा में केवल सही उत्तर ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रस्तुत करने का तरीका भी महत्वपूर्ण होता है। उत्तर पुस्तिका में साफ-सुथरी और क्रमबद्ध लिखावट से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि प्रश्नों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही उत्तर लिखें और गणित व विज्ञान जैसे विषयों में चरणबद्ध समाधान अवश्य प्रस्तुत करें।
0
सबसे पहले सरल और ज्ञात प्रश्नों को हल करें
प्रधानाचार्य यूनुस अख्तर ने छात्रों को समय प्रबंधन के महत्व के बारे बताते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र मिलने के बाद कुछ मिनट प्रश्नों को समझने में लगाएं और फिर उत्तर लिखना शुरू करें। सबसे पहले सरल और ज्ञात प्रश्नों को हल करने से समय की बचत होती है और आत्मविश्वास बना रहता है। कठिन प्रश्नों को अंत में हल करना बेहतर रहता है, ताकि समय की कमी से नुकसान न हो। उन्होंने छात्रों को मानसिक संतुलन बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा के दिनों में पर्याप्त नींद, संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या बेहद जरूरी होती है। अंतिम समय में पूरी किताबें पढ़ने के बजाय पहले से तैयार नोट्स और महत्वपूर्ण बिंदुओं की पुनरावृत्ति करें। उन्होंने मोबाइल फोन और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाने की भी सलाह दी। नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से किसी भी विषय में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।