नंदौर बाजार में सड़क पटरी पर खड़े ऑटो।
मेंहदावल। नंदौर बाजार में ऑटो स्टैंड नहीं होने की वजह से ऑटो चालक सड़क को ही ऑटो स्टैंड के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। सड़क की दोनों पटरियों पर बेतरतीब वाहन खड़े कर दिए जा रहे हैं। जिसके कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। अक्सर जाम लगने से लोग परेशान हैं लेकिन जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं। मेंहदावल विकास खंड क्षेत्र का नंदौर बाजार काफी पुराना है। फल मंडी, सब्जी मंडी से लेकर पशु बाजार में जुटने वाली भीड़ की वजह से इसकी अलग पहचान है। बाजार में ऑटो स्टैंड की व्यवस्था कहीं नहीं है जबकि यहां से बेलौहा, बांसी, नंदौर, खलीलाबाद, नंदौर, सेमरियावा, बस्ती आदि स्थानों के लिए प्राइवेट ऑटो वाहनों का संचालन किया जाता है। सड़क की दोनों पटरियों को ही ऑटो चालकों ने स्टैंड बना दिया है। पटरियों पर टैक्सियों के खड़े होने की वजह से राहगीरों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। स्थानीय निवासी महेंद्र कुमार, श्रीराम, गुड्डू, सचिन कुमार, विनय, मुमताज, सिकंदर आदि लोगों ने बताया कि इस बाजार की सड़क ऑटो स्टैंड बन गई है।
प्राइवेट ऑटो चालक बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा कर देते हैं। चौराहे पर बखिरा पुलिस की पिकेट भी रहती है लेकिन पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करती है। जिसके कारण मनबढ़ ऑटो चालक लोगों से दुर्व्यवहार भी करते हैं। लोगों ने अवैध ऑटो स्टैंड को हटाने की मांग की है। एसडीएम संजीय कुमार ने बताया कि सड़क से वाहन स्टैंड हटवाया जाएगा। इसके लिए संबंधित से बातचीत की जाएगी।