सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ऑडियो
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ऑडियो चर्चा का विषय बना हुआ है। ऑडियो में एक शख्स दूसरे से बात करते हुए कहता है कि जानते नहीं हो डॉक्टर को एक आदमी को जिंदा दफन कर दिया। आज तक कोई कुछ बिगाड़ नहीं सका।
मल्लेहपुर गांव निवासी श्रवण कुमार पुत्र रामप्रीत का आरोप है कि वर्ष 2011 में एक डॉक्टर ने स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक लाख 70 हजार रुपये लिए। करीब आठ वर्ष बीत गया और नौकरी नहीं मिली तो श्रवण कुमार ने दी गई रकम की मांग की। इसमें 53,000 रुपये वापस मिले। एक लाख 17,000 रुपये अब भी बाकी हैं।
पीड़ित का कहना है कि शेष रकम मांगने जब जाते हैं तो वह जान से मारने की धमकी देकर भगा देते हैं। दूसरे व्यक्ति ने जब डॉक्टर से रुपये देने की बात कही तो डॉक्टर फोन पर आग बबूला होकर धमकी देने लगे। इसका ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। एसओ अनिल कुमार ने इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।