धनघटा। क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रामयज्ञ ने गांव के ही रहने वाले तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर अपशब्द कहते हुए मारने की कोशिश का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह कार्रवाई पुलिस ने घटना के एक महीने बाद न्यायालय के आदेश पर की है। रामयज्ञ पुत्र छोटेलाल का आरोप है कि गांव निवासी पिंटू पुत्र बजरंगी से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। उसी रंजिश को लेकर 26 नवंबर 2025 को पिंटू अपने सहयोगियों के साथ उनके दरवाजे पर चढ़ आए और अपशब्द कहते हुए मारने पीटने के लिए दौड़ा लिए। घर में गया तो विपक्षी घुस गए और तमंचा कट्टा निकाल लिया। परिवार के और पास पड़ोस के लोग दौड़कर बीच बचाव किए तब जाकर आरोपी अपने-अपने घर लौट गए। थाना प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि इस मामले में शंकरपुर निवासी पिंटू, बजरंगी, छब्बू और दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।