कब्जे के प्रयास की घटना के बाद गेट में ताला बन्द करवासी पुलिस
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में शुगर मिल रोड पर एलआईसी के सामने स्थित एक जमीन पर कुछ लोगों ने पुरानी चहारदीवारी व दरवाजों को तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। इसकी जानकारी दूसरे पक्ष के लोगों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। दोनों पक्षों में तनाव की सूचना पर सूचना पर पहुंची पुलिस ने काम रोकवा दिया और कहा कि जब तक एसडीएम फैसला नहीं कर देते तब तक कोई भी पक्ष निर्माण नहीं करवाएगा।
बुधवार को दोपहर 12 बजे के करीब एलआईसी के सामने स्थित एक जमीन पर कुछ लोग पहुंच गए। उन लोगों ने वहां पर मौजूद एक दुकान को क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं उस जमीन पर लगा लोहे का दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद वे अंदर घुस गए। वहां पर जाकर दूसरी तरफ की दीवार भी तोड़ने लगे। इसी बीच सरदार कॉलोनी निवासी हरजिंदर कौर, धरम सिंह, मनजीत कौर, परविंदर सिंह मौके पर पहुंच गए।
उनका कहना था कि हमने इस जमीन को 24 साल पहले ही लिया था, यह हमारे बैनामा की जमीन है। वहीं दूसरे पक्ष मड़या निवासी रामदास का कहना था कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी जमीन है। हमारे परिवार ने इसको किसी को बेचा ही नहीं है।
इस बात को लेकर वहां पर विवाद की स्थिति पैदा हो ई। इस बात की सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। इसके बाद कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों को वहां से निकाला तथा यह कहा कि जब तक मामले में फैसला नहीं हो जाता है, तब तक दोनों पक्ष यथास्थिति बनाए रखें। कोई भी पक्ष मौके पर नहीं जाएगा। वहीं इस बात की सूचना एसडीएम शैलेष पांडेय को दी।
एसडीएम ने दोनों पक्षों को अपने सभी कागजात के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है। मौके पर शांति बनी हुई है।