सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण, राहगीर परेशान
- पटरियों पर वाहन खड़ा कर भरी जा रही सवारियां
- फल व सब्जी विक्रेता शाम होते ही कर लेते हैं कब्जा
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। यातायात को सुलभ बनाने के लिए शासन के निर्देश का असर धनघटा क्षेत्र की सड़कों पर नहीं दिख रहा है। धनघटा चौक से लेकर क्षेत्र के सभी संपर्क मार्गों पर बेतरतीब वाहन खड़ा करने वालों का कब्जा तो है। सब्जी व फल विक्रेता भी अतिक्रमण किए हुए हैं। जिसके कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
धनघटा चौक से खलीलाबाद, सिकरीगंज, कलवारी और उमरिया बाजार जाने के लिए सभी मार्गों पर वाहन खड़ा रहते हैं। वाहन चालक सड़क की पटरी खड़ा करके सवारी बैठाते हैं। जिसकी वजह से जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है। यही हाल हैसर बाजार, डिहवा बाजार, लोहरैया, बसवारी गांव, बभनौली, उमरिया बाजार, शनिचरा बाजार, मुखलिसपुर, नाथनगर, दूल्हापार पौली आदि कस्बों की भी है।
राहगीर सुदामा प्रसाद, हेमंत, सुरेंद्र कुमार आदि का कहना है कि सड़क के किनारे लोग वाहन खड़ा कर देते हैं जिससे दिक्कत होती है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी रामप्रकाश ने कहा कि सड़क के किनारे वाहन खड़े करने वालों और अवैध रूप से अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।