संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सीपीयू) ने थाना मेंहदावल क्षेत्र के कस्बा मेंहदावल और ग्राम बेलवानिया में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के बीच पहुंचकर उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य समस्याओं की जानकारी ली तथा हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने कहा कि बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की मदद के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उनकी सहायता के लिए पुलिस हर समय उपलब्ध रहेगी। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, युवा और डिजिटल वॉलंटियर्स मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे आमजन और पुलिस के बीच विश्वास मजबूत होगा। अंत में सीपीयू टीम ने लोगों को त्वरित संपर्क के लिए सीयूजी और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सर्वदवन सिंह, राकेश कुमार सिंह, जयनाथ यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।