संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति समेत पांच लोगों पर मारपीट, गाली और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में एसपी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
बिंदू देवी पत्नी विजय कुमार निवासी चिट्ठापार थाना बखिरा वर्तमान में मायके ग्राम बेलहर कला (कजविनिया), थाना बेलहर कला में रह रही है। पीड़िता का आरोप है कि 20 मई को सुबह करीब 11:00 बजे तथा 21 मई को दोपहर करीब तीन बजे उसके पति विजय कुमार, रामअशीष, सतीश, सहायी एवं एक अन्य अज्ञात मायके पहुंचे। सभी ने उन्हें गालियां दीं। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
महिला का कहना है कि घटना की सूचना उन्होंने थाना बेलहर कला में दी, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने एसपी को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।