संतकबीरनगर। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को अपने कार्यालय में क्षेत्राधिकारी लाइन प्रियम राजशेखर पांडेय की उपस्थिति में आरटीसी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 291 रिक्रूट आरक्षियों की अंतिम परीक्षा की तैयारियों का हाल जाना। उन्होने परीक्षा के संबंध में संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक किया। इस दौरान रिक्रूट आरक्षियों की आगामी अंतिम परीक्षा को शुचितापूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। एएसपी ने प्रशिक्षकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि प्रत्येक रिक्रूट का पाठ्यक्रम पूरा हो चुका हो और वे व्यावहारिक ज्ञान में दक्ष हों। साथ ही अंतिम परीक्षा से पूर्व आरक्षियों को आईपीसी, सीआरपीसी (अब नए कानून) और पुलिस रेगुलेशन की जानकारी व परेड, ड्रिल और शस्त्र संचालन में निपुणता तथा भीड़ नियंत्रण और वीआईपी सुरक्षा जैसे व्यावहारिक कौशल विषयों पर विशेष ध्यान देने के लिए एएसपी ने बताया। इस अवसर पर प्रभारी आरटीसी दद्दन राय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।