धनघटा। सीएचसी नाथनगर में मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने से नाराज होकर सीएचसी अधीक्षक का घेराव किया और प्रोत्साहन राशि दिलाए जाने की मांग की। इसके साथ ही चेतावनी दी कि अगर प्रोत्साहन राशि का जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आशा कार्यकर्ता बड़ा आंदोलन करेंगी।
प्रदर्शनकारियों ने सीएचसी अधीक्षक को दिए ज्ञापन में कहा कि वर्ष 2021-22 वर्ष 2022-23 एवं अप्रैल 2023 से आज तक का बकाया प्रोत्साहन धनराशि का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। जो आशा के प्रोत्साहन धनराशि के भुगतान के संबंध में घोर लापरवाही है। प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने से कई आशा के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। आशा कार्यकर्ताओं ने भुगतान के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्त आशा का प्रोत्साहन राशि भुगतान करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि अगर जल्द ही आशा कार्यकर्ताओं का भुगतान नहीं हुआ तो मजबूर होकर बड़ा आंदोलन चलाया जाएगा। जिसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य अधिकारियों की होगी।
प्रदर्शन में सुमन सिंह, सावित्री देवी, कौशल्या देवी, गीता देवी, पूनम देवी, बिंदवासनी, मीना देवी, सरिता सिंह, लालमति देवी, शारदा सिंह, विमला देवी, हेमा देवी, सरिता यादव, अनीता देवी, विंदेश्वरी देवी, मीरा देवी, सरिता देवी, उषा देवी, ममता देवी, कलावती देवी, रेनू, कुशमावती सिंह, चम्पा मौर्या, मैना देवी व प्रेमलता देवी आदि शामिल रहीं।