शासन के निर्देश के क्रम में गठित सिंचाई बंधु की बैठक संतकबीरनगर के जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव की अध्यक्षता में सरयू नहर कालोनी के निरीक्षण गृह में संपंन हुई। बैठक में अधिकांश सदस्यों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि कृषकों के हित से जुड़ी यह काफी महत्वपूर्ण बैठक हैं, जिसमें सदस्यों की अनुपस्थिति बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कृषक हित सरकार की प्राथमिकताओं में है और इसके प्रति शिथिलता अक्षम्य है। कृषकों को बेहतर सिंचाई संसाधन उपलब्ध हों इसके लिए आवश्यक है कि नलकूपों-नहरों का संचालन बेहतर हो। कोई भी नलकूप बंद नही होना चाहिए यदि यांत्रिक-विद्युत दोष के कारण नलकूप बंद हो तो उसे तत्काल प्रभाव से ठीक कराया जाए। इसके साथ ही साथ यह भी सुनिश्चित हो कि नहरों के टेल तक पानी पहुंचे।
नहरों की साफ-सफाई समय से करा दी जाए। बैठक में सहायक अभियंता नहर खण्ड रघुवंश सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र, उप वन रेंजर संतोष कुमार पांडेय, जिलेदार आनंद कुमार, सहायक अभियंता ड्रेनेज खण्ड-दो राजेंद्र प्रसाद यादव, वेदप्रकाश यादव, सुरेंद्र कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।