धर्मसिंहवा। नगर पंचायत धर्मसिंहवा वार्ड नंबर-13 निवासी मोहम्मद आरिफ पुत्र मोहम्मद इस्माइल का कक्षा-6 में जवाहर नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है। इससे परिवार में खुशी का माहौल है। आरिफ एमएम आजाद स्कूल खजूरी का छात्र है। आरिफ ने 13 दिसंबर 2025 को आयोजित जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
अच्छे अंक लाने के बावजूद प्रारंभिक चयन सूची में उनका नाम नहीं आ पाया था और उन्हें प्रतीक्षारत सूची में रखा गया था। उस समय अधिक अंक पाने वाले छात्रों का चयन हो गया था, जिससे परिवार की उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी थीं। आरिफ के पिता मोहम्मद इस्माइल ने बताया कि बुधवार को सुबह 11 बजकर 57 मिनट पर जवाहर नवोदय विद्यालय जगदीशपुर गौरा हरिहरपुर संतकबीरनगर से फोन आया। फोन पर बताया गया कि प्रतीक्षारत सूची से आरिफ का चयन हो गया है।
यह सूचना मिलते ही परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। आरिफ की सफलता पर परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी है।