संतकबीरनगर। विद्युत उपभोक्ता जहां बिजली संकट से जूझ रहे हैं, वहीं बिजली निगम में मनमानी का खेल भी थम नहीं रहा है। कोई अधिक बिजली बिल आने की वजह से सुधार कराने को परेशान है, तो कोई खराब मीटर बदलवाने के लिए दफ्तरों का चक्कर काट रहा है। उपकेंद्रों पर तो समय से कर्मी ही नहीं मिलते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है।
शनिवार को अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड-प्रथम के कार्यालय पर कई उपभोक्ता बिजली बिल में सुधार कराने के लिए पहुंचे थे। एक्सईएन समाधान दिवस में गए थे। काफी देर इंतजार करने के बाद उपभोक्ता कर्मचारियों से मिले, लेकिन उन्हें आश्वासन ही मिला। कालीजगदीश पुर के चौथी प्रसाद ने बताया कि उनका मीटर ठीक नहीं है, जिसके कारण बिल ज्यादा आ रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक सुधार नहीं हुआ। वहीं खलीलाबाद के नेदुला निवासी विजय मौर्य काफी परेशान दिखे। उनका बिजली बिल कई महीने से काफी अधिक आ रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया। यही नहीं समाधान दिवस में भी कई उपभोक्ता बिजली बिल अधिक आने की शिकायत लेकर पहुंचे।
बनकटिया निवासी जगदीश, पठान टोला निवासी फरहान खान, तिघरा निवासी रामअनुज आदि ने बताया कि बिजली बिल अधिक आ रहा है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।
0000000000000000000000000000000000000000
नहीं आते मीटर रीडर, मैसेज देखकर जमा करते हैं बिल
बिजली उपकेंद्र हरिहरपुर में मीटर रीडिंग के लिए 18 कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन मीटर रीडिंग लेने कोई नहीं आता है। इसके कारण बिल में तमाम गड़बड़ी आ रही है। उपकेंद्र पर बिजली बिल जमा करने आए उपभोक्ता राम बेलास ने बताया कि घर में मीटर लगा है, लेकिन कोई रीडिंग लेने नहीं आता है। मोबाइल फोन में मैसेज देखकर बिल जमा करने आए हैं, जबकि उपकेंद्र पर मीटर रीडिंग के लिए 18 कर्मचारी लगाए गए हैं। कई उपभोक्ता बिलिंग में गड़बड़ी की भी शिकायत करने पहुंचे थे। निगम के एक कर्मचारी के निधन होने के नाते तैनात कर्मचारी दाह संस्कार में शामिल होने गए थे।
मौके पर मौजूद तकनीशियन नीरज मौर्या ने बताया कि बिजली बिल को लेकर कुछ उपभोक्ता शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिलिंग की गड़बड़ी साफ्टवेयर की गड़बड़ी के चलते हो रही है। जिसे तुरंत ठीक करा दिया जा रहा है।
000000000000000000000000000000000000
एक साल से नहीं मिला पैसा, परिवार भुखमरी के कगार पर
हरिहरपुर उपकेंद्र में तैनात सफाई कर्मचारी पीटीएस राम केवल ने बताया कि वे उपकेंद्र पर साफ-सफाई के लिए लगाए गए हैं। उन्हें इसके लिए प्रतिदिन 50 रुपये के हिसाब से मिलता है, लेकिन एक साल बीत गया, उन्हें पैसा नहीं दिया गया। अब उनका परिवार आर्थिक तंगी के चलते भुखमरी के कगार पर है।
0000000000000000000000000000000000
बिजली बिल में गड़बड़ी के चलते परेशानी झेलनी पड़ रही है। बार-बार विद्युत निगम के कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। हर बार आश्वासन मिलता है कि बिल सही हो जाएगा, लेकिन अब तक भटक रहे हैं।
-विजय मौर्य, नेदुला
0000000000
बिजली कनेक्शन लेने के बाद बिजली बिल नहीं आ रहा था, अचानक 31 हजार से अधिक का बिल थमा दिया गया। इतना पैसा एक साथ जमा कर पाना संभव नहीं है, इसलिए किस्त बनवाना चाहते हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका।
-महेश कुमार, चंदापार
00000000000
बिजली बिल में यदि कोई गड़बड़ी रहती है, तो उसे चेक कराकर ठीक कराया जाता है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यदि किसी को परेशानी है तो कार्यालय आकर मिल सकता है। उसकी समस्या का निदान करा दिया जाएगा।
-रणधीर कुमार, एक्सईएन, विद्युत निगम