मेंहदावल। जवाहर नवोदय विद्यालय में आगामी सत्र में कक्षा-6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र-छात्राएं 31 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। ब्लॉक में स्थित परिषदीय विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक अधिक से अधिक संख्या में फार्म भरवाने की कोशिश करें।
उक्त निर्देश जारी करते हुए बीईओ आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा-6 में दाखिले के लिए हर वर्ष प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस बार भी कक्षा-6 की 80 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-6 में प्रवेश की प्रक्रिया में इस वर्ष महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थी केवल अपने निवास वाले जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय के लिए ही आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा-3, 4 और 5 की पढ़ाई पूरी करना अनिवार्य है। साथ ही वर्तमान में अभ्यर्थी को कक्षा-5 में अध्ययनरत होना चाहिए, जो छात्र पहले ही कक्षा-5 में उत्तीर्ण हो चुके हैं या दोबारा कक्षा-5 में पढ़ रहे हैं, वह लोग आवेदन के पात्र नहीं होंगे।
आवेदक का जन्म एक मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के बीच होना चाहिए। प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर छात्र को केवल एक बार ही मिलेगा।