संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) का परिणाम जारी इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। इसके आवेदन यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर 10 जून तक लिए जाएंगे। इसके ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कराना होगा।
यूपी बोर्ड का रिजल्ट 25 अप्रैल को जारी हो गया था। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। एक और दो विषयों में फेल होने वाले विद्यार्थियों को अभी एक मौका मिलेगा। वह इंप्रूवमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल होकर पास हो सकेंगे और नए सत्र में प्रवेश ले सकेंगे। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आवेदन की तिथि तय कर दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंद नाथ ने बताया कि 19 मई से 10 जून तक इंप्रवूमेंट और कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इंप्रूवमेंट परीक्षा में विद्यार्थी एक और कंपार्टमेंट में दो विषयों में सिर्फ एक की परीक्षा दे सकेंगे। इंप्रूवमेंट परीक्षा के लिए 256 और कंपार्टमेंट के लिए 306 रुपये शुल्क तय किया गया है। इंटरमीडिएट परीक्षा में मानविकी, विज्ञान एवं वाणिज्य वर्ग में सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में अनुत्तीर्ण होने पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कृषि भाग-1 एवं दो के निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्न पत्र में या व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कंपार्टमेंट परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा शुल्क चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने के बाद आवेदन की प्रति वेबसाइट से डाउनलोड करके यूपी बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय में डाक के माध्यम से जमा कराना होगा।