मतदान कर लोकतंत्र को और मजबूत करें
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। लोकतंत्र के महापर्व चुनाव में हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। हम सभी को शत-प्रतिशत मतदान कर लोकतंत्र को और मजबूत करना चाहिए। खासतौर पर महिलाओं को मतदान के लिए घरों से निकलना चाहिए और परिवार के अन्य सदस्यों को भी वोट देने के लिए प्रेरित करना चाहिए। ये बातें एसडीएम सदर एसपी सिंह ने मंगलवार को खलीलाबाद के एचआर इंटर कॉलेज में अमर उजाला फाउंडेशन के अभियान अपराजिता के तहत आयोजित लोकतंत्र की पाठशाला में कहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने छात्र-छात्राओं व स्काउट गाइड को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हर नागरिक को मतदान का अधिकार है, लेकिन अफसोस की बात है कि आज भी काफी संख्या में लोग मतदान में रुचि नहीं लेते। संतकबीरनगर में वर्ष 2014 के लोकसभा व 2017 के विधानसभा चुनाव में करीब 52 फीसदी मतदान हुआ था। अर्थात लगभग आधे लोगों ने वोट नहीं डाला था। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें खुद भी मतदान करना चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि सीओ सदर रमेश कुमार ने कहा कि प्रशासन स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रयासरत है। हर जगह सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता व नारी गरिमा की सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर 124 शपथ पत्र भरे गए। कॉलेज के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन कुलदीप सिंह ने किया। इस अवसर पर राकेश सैनी, रवि प्रकाश श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, रमेश यादव, अभिषेक सिंह, चंद्रभान यादव, दीपक कुमार मौर्य, दुर्गेश मौर्य, सत्यम सिंह, अनिल कुमार, दीनानाथ, रमेश कुमार, रोहित, सत्यनारायण मिश्रा, आकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।