हैंसर एडीओ पंचायत कार्यालय में जानकारी लेते एसडीएम-संवाद
धनघटा। एसआईआर को लेकर भाजपा नेता पंकज पांडेय और एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव के बीच हुए विवाद की जानकारी लेने बृहस्पतिवार को एसडीएम डॉ. सुनील कुमार हैंसर ब्लॉक पहुंचे। उन्होंने दोनों को समझा बुझा कर विवाद न करने को कहा। एसडीएम ने कहा कि एसआईआर में किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बुधवार को टांडा गांव निवासी भाजपा नेता पंकज पांडेय और एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव के बीच एसआईआर को लेकर नोकझोंक हो गई थी। भाजपा नेता का आरोप था कि एडीओ पंचायत एसआईआर के कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। वे लोगों का कागजात जमा करने के बजाय उनको लौटा दे रहे हैं। दोनों के बीच काफी हंगामा हुआ और इसकी शिकायत भाजपा नेता ने एसडीएम से की। एसडीएम डॉ. सुनील कुमार बृहस्पतिवार को एडीओ पंचायत के कार्यालय में पहुंचे और वस्तु स्थिति से अवगत हुए। एसडीएम ने कहा कि जहां ज्यादा भीड़ होती है वहां पर कार्य करना मुश्किल हो जाता है। एसआईआर का कार्य लंबे समय तक चलेगा। इसमें किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।
एडीओ पंचायत ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोप को निराधार बताया। कहा कि एसआईआर के लिए पूरे कार्यालय के लोग लगे हैं। यहां से किसी को लौटाया नहीं जाएगा। जो लोग फॉर्म लेकर आ रहे हैं, उनका फॉर्म जमा किया जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि एसआईआर में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हैंसर ब्लॉक में बीडीओ, एडीओ समाज कल्याण के कार्यालय में फॉर्म जमा किए जा रहे हैं। सभी जगहों पर भीड़ हो रही है।